जनता की समस्याओं के समाधान हेतु सांसद बिद्युत बरण महतो ने लगाया साप्ताहिक जनता दरबार।
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने आज बिष्टुपुर स्थित अपने प्रधान सांसद कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, राशन, भूमि संबंधी मामलों सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों को सांसद के समक्ष रखा। सांसद श्री महतो ने प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में आम लोगों की समस्याओं को सुनना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनका दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सांसद श्री बिद्युत बरण महतो ने यह भी कहा कि जनता दरबार जनसामान्य और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु हरसंभव प्रयास जारी रहेगा तथा विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
जनता दरबार के दौरान क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं के समाधान के प्रति सांसद की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

