भरत तिवारी हत्याकांड के विरोध में डिमना चौक पर प्रदर्शन, महिलाओं ने सम्राट चौधरी की तस्वीर पर जताया आक्रोश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बिहार के भोजपुर में मारे गए युवा नेता भरत तिवारी की हत्या के विरोध में सोमवार को मानगो के डिमना चौक पर विरोध-प्रदर्शन एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी रीता सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय भरत तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
श्रद्धांजलि सभा के बाद प्रदर्शनकारियों ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके चित्र के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया। महिलाओं ने उनके चित्र को पैरों तले रौंदकर तथा चप्पलों से प्रहार कर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भरत तिवारी हत्याकांड में अब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी की हत्या लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है तथा दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर विकास सिंह, रीता सिंह, कुंजन सिंह, ममता कुमारी, चारुलता पांडा, पूनम मिश्रा, कमला देवी, कविता देवी, मधु सिंह, श्वेता ओझा, आशीष श्रीवास्तव, सत्यम ओझा, भवानी महतो सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

