उपायुक्त ने गोलमुरी-सह-जुगसलाई व पोटका प्रखंड-अंचल कार्यालयों का किया निरीक्षण, राजस्व एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: उपायुक्त राजीव रंजन ने गुरुवार को गोलमुरी-सह-जुगसलाई तथा पोटका प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली, राजस्व मामलों और विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान एवं अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों एवं संचिकाओं की जांच की। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा कार्यालयी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही आम नागरिकों से जुड़े मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

अंचल कार्यालयों में उपायुक्त ने म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, परिमार्जन एवं अन्य लंबित राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनका शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने और आमजनों को अनावश्यक परेशानी से बचाने का निर्देश दिया।
प्रखंड कार्यालयों में उन्होंने 15वें वित्त आयोग, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक समय पर पहुंचना चाहिए।
पोटका प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने साफ-सफाई, नागरिक सुविधाओं एवं कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परिसर एवं आवासीय भवनों में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा नागरिकों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सरकार और आम नागरिकों के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक आवेदन, शिकायत और राजस्व मामले का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने विकास योजनाओं और राजस्व सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से सुशासन को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
इस दौरान संबंधित प्रखंडों के बीडीओ, सीओ सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

