पाकुड़ विद्यालयों में पाकुड़ पुलिस का जागरूकता अभियान, छात्रों को किया जागरूक
राष्ट्र संवाद संवादाता
पाकुड़ पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को नशा, साइबर अपराध, यातायात नियमों तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को डायल-112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता लेने की अपील की गई।अधिकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे और साइबर ठगी जैसे बढ़ते खतरों से बचाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
छात्रों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में शिक्षकों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

