रांची: शॉर्ट सर्किट से अपार्टमेंट में लगी आग, मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची। राजधानी रांची के ओसीसी कंपाउंड स्थित बंगला स्कूल के पीछे श्रीपति लाल नामक अपार्टमेंट में बुधवार अहले सुबह करीब 5 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार आग बेसमेंट के समीप लगे बिजली मीटर पैनल और लिफ्ट तक सीमित रही। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 से 20 मिनट के भीतर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
घटना की सूचना पर डेली मार्केट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

