बोकारो में प्यार का हाई वोल्टेज ड्रामा, टावर पर चढ़ा होमगार्ड जवान, प्रेमिका को नौकरी दिलाने की तैयारी में की थी मदद।
राष्ट्र संवाद संवादाता
बोकारो के चंद्रपुरा में मोहब्बत का अनोखा ड्रामा देखने को मिला। तेलो गांव में एक होमगार्ड जवान अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में जियो के टावर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। युवक का आरोप है कि चार साल से रिलेशन में रहने के बावजूद लड़की के घरवाले उसकी शादी कहीं और कर रहे हैं। BDO और थाना प्रभारी ने मशक्कत के बाद युवक को नीचे उतारा।
चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो गांव स्थित बुधुबांध के पास लगे जियो टावर पर मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सिद्धि निवासी प्रेम कुमार कोइरी टावर पर चढ़ गया। मृतक अलकु कोइरी का बेटा प्रेम खुद होमगार्ड का जवान है। वो हाथ में प्यार का इजहार करते हुए टावर पर चढ़ा और दो घंटे से ज्यादा हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रेम कुमार का तेलो की एक युवती से चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती को होमगार्ड की नौकरी दिलाने में भी प्रेम ने दिन-रात एक कर दिया था। लेकिन अब युवती के परिजन उसकी शादी दूसरी जगह तय कर रहे थे। इसी बात से आहत होकर प्रेम प्यार को पाने के लिए टावर पर चढ़ गया।
BDO द्वारा काफी समझाने और मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने चली गई। मौके पर हजारों की भीड़ जमा हो गई थी और हर कोई मोबाइल से वीडियो बनाने में लगा था।
बोल रहा था मेरी शादी उसी से कराओ। पुलिस वाले चिल्ला रहे थे नीचे आओ। बहुत देर बाद माना। लड़का खुद होमगार्ड का है।
थाना प्रभारी ने मिलकर उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा। युवक को सुरक्षित उतारना प्राथमिकता थी। मामले की जांच की जा रही है।

