सिदो-कान्हू हूल दिवस की पूर्व संध्या पर राज्य स्तरीय बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदिवासी सुरक्षा परिषद (केंद्रीय समिति) की ओर से सिदो-कान्हू हूल दिवस की पूर्व संध्या पर दिनांक 29 जून को एक दिवसीय राज्य स्तरीय बुद्धिजीवी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।इस बात की जानकारी अध्यक्ष रमेश हांसदा ने दी।
इस सम्मेलन में राज्य भर के आदिवासी समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
इस संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आदिवासी सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष रमेश हांसदा ने कहा कि झारखंड में आदिवासी समाज के समक्ष अनेक गंभीर चुनौतियाँ उपस्थित हैं। इन चुनौतियों एवं समसामयिक विषयों पर सम्मेलन में व्यापक चर्चा की जाएगी तथा समाज के हित में ठोस सुझाव एवं प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि परिसीमन के बाद झारखंड में आदिवासियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ाने तथा आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाने के विषय पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही नई पीढ़ी के लिए शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
सम्मेलन में विगत वर्षों से बढ़ रहे अंतरजातीय विवाह, आदिवासी पहचान एवं संस्कृति के संरक्षण, तथा आदिवासी समाज के समक्ष उत्पन्न विभिन्न सामाजिक चुनौतियों पर बुद्धिजीवियों के विचार आमंत्रित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त सीएनटी एक्ट, एसपीटी एक्ट तथा आदिवासियों के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों से जुड़े विषयों पर भी गंभीर मंथन किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित थे। सभी बुद्धिजीवियों, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से सम्मेलन में भाग लेकर अपने विचार एवं सुझाव देने की अपील की गई है।
प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से केन्द्रीय अध्यक्ष, श्री रमेश हांसदा, महा नगर अध्यक्ष श्री राम सिंह मुंडा, प्रकाश सांडील, चुन्नू भूमिज, जुझार समद, राजेश सिंह मुंडा आदि उपस्थित रहे।

