राजनीति शास्त्र की छात्राओं ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का फील्ड विजिट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: NATURE संस्था द्वारा संचालित इंटर्नशिप प्रोग्राम के तहत राजनीति विज्ञान की छात्राओं ने पश्चिम बागबेड़ा पंचायत के बड़ौदा घाट स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का फील्ड विजिट कर सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
दौरे के दौरान छात्राओं ने एकीकृत बाल विकास सेवा (ICDS), मिशन पोषण 2.0, गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा बच्चों के पोषण संबंधी योजनाओं की कार्यप्रणाली को समझा। आंगनबाड़ी सेविका रीता पात्रों ने केंद्र द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
छात्राओं ने पूर्व-विद्यालय शिक्षा, खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियों तथा स्थानीय स्वशासन व्यवस्था में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका का भी अवलोकन किया।
इंटर्नशिप समन्वयक डॉ. कविता परमार ने कहा कि ऐसे फील्डवर्क से छात्राओं को जन-कल्याणकारी नीतियों और प्रशासनिक तंत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य मनीषा हाईब्रू, वार्ड सदस्य रूपा सिंह, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका सहित अन्य लोग उपस्थित थे। छात्राओं ने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए इसे अपने शैक्षणिक और सामाजिक विकास के लिए उपयोगी बताया।

