प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत 15 लाख लाभार्थियों को मिला रोजगार, ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत देशभर में 15 लाख लाभार्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने और ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि वितरण कार्यक्रम का ऑनलाइन आयोजन शुक्रवार को जमशेदपुर के मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर भारत को मजबूत बनाना भी है।
योजना के तहत युवाओं, महिलाओं एवं विभिन्न वर्गों के बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों और संस्थानों को नई भर्तियों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का दावा है कि इस पहल से रोजगार सृजन में तेजी आएगी और देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में योजना के लाभों एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इस योजना के माध्यम से लाखों और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

