झारखंड राज्यसभा चुनाव: परिमल नाथवानी की हैट्रिक, बैजनाथ राम की जीत, कांग्रेस खेमे में मायूसी
राष्ट्र संवाद संवादाता
भाजपा समर्थित परिमल नाथवानी को 28 वोट, झामुमो के बैजनाथ राम को 31 मत मिले; कांग्रेस उम्मीदवार को केवल 20 वोटों से संतोष करना पड़ा।
रांची, राष्ट्र संवाद:* झारखंड राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए चुनाव में बड़ा उलटफेर हुआ है। भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी 28 मत हासिल कर तीसरी बार राज्यसभा पहुंच गए हैं। मतदान में कुल 3 वोट रद्द किए गए।
*किसे कितने वोट मिले*
चुनाव परिणाम के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार को *31 वोट*, कांग्रेस प्रत्याशी को *20 वोट* और निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को *28 वोट* मिले। जीत के लिए 28 प्रथम वरीयता के वोट जरूरी थे।
*बाबुलाल मरांडी बोले- विकास के लिए हुआ मतदान*
जीत के बाद नेता प्रतिपक्ष बाबुलाल मरांडी ने कहा कि “राज्यसभा के मतदाता राज्य के विकास के लिए सोच रहे हैं, इसलिए उन्होंने परिमल नाथवानी को तीसरी बार झारखंड से राज्यसभा सांसद बनाकर भेजा है।” उन्होंने सभी विधायक मतदाताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि आने वाले समय में परिमल नाथवानी अपने कार्यकाल में राज्य का विकास करेंगे।
*24 से 28 तक कैसे पहुंचे नाथवानी*
एनडीए के पास विधानसभा में कुल 24 विधायक थे। जीत के लिए 4 अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी। क्रॉस वोटिंग की चर्चाओं के बीच नाथवानी ने जरूरी आंकड़ा छू लिया।
भाजपा ने इस बार अपना उम्मीदवार न उतारकर निर्दलीय परिमल नाथवानी को समर्थन दिया था। नाथवानी इससे पहले भी झारखंड से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।
*महागठबंधन का गणित*
झामुमो गठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं – झामुमो 34, कांग्रेस 16, राजद 4 और भाकपा माले 2। इसके बावजूद झामुमो 31 और कांग्रेस 20 वोट पर सिमट गई। 3 वोट रद्द होने से भी समीकरण प्रभावित हुआ।

