हस्तशिल्प निर्यात को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम, उद्यमियों को दी गई अहम जानकारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को चैम्बर भवन में “हस्तशिल्प निर्यात विपणन” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हस्तशिल्प, हथकरघा और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों एवं कारीगरों को निर्यात बाजार और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि हस्तशिल्प और हैंडलूम क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक रविशंकर प्रसाद ने राज्य सरकार की औद्योगिक और टेक्सटाइल नीतियों की जानकारी देते हुए उद्यमियों को उपलब्ध सब्सिडी और सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैण्डीक्राफ्ट के सहायक प्रबंधक नितेश कुमार ने निर्यात बाजार की संभावनाओं, अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर और सरकारी सहायता योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में जूट बैग निर्माता और व्यवसायी के बीच संभावित व्यावसायिक सहयोग की पहल भी देखने को मिली।
इस अवसर पर चैम्बर पदाधिकारियों, उद्योग विभाग के अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में उद्यमियों और हस्तशिल्प क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

