जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग के बाद पुलिस पर फायरिंग, मुख्य आरोपी ने सरकारी पिस्तौल छीनकर भी चलाई गोली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: टेल्को क्षेत्र में महिला से सोने की चेन छीनने के मामले में गिरफ्तार अपराधियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग किए जाने की घटना को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पियूष पांडेय ने मंगलवार को प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने दो अलग-अलग मौकों पर पुलिस पर गोलियां चलाईं।
टेल्को में महिला से चेन छीनकर भागे थे बदमाश
एसएसपी के अनुसार सोमवार शाम टेल्को थाना क्षेत्र में एक महिला से बाइक सवार दो अपराधियों द्वारा सोने की चेन छीनने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वायरलेस के माध्यम से सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया। इसी दौरान सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम को संदिग्ध बाइक और बताए गए हुलिये से मेल खाते दो युवक दिखाई दिए, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा शुरू किया।

पीछा करते हुए पुलिस टीम सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर और जैप-6 परिसर के समीप पहुंची। पुलिस जब दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही थी, तभी मुख्य आरोपी हरपाल सिंह उर्फ ‘डब्ल्यू’ ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हालांकि पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी और रक्षात्मक कार्रवाई की तथा दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
बरामदगी के दौरान छीनी पुलिस अधिकारी की पिस्तौल
गिरफ्तारी के बाद देर रात पुलिस दोनों आरोपियों को उनकी निशानदेही पर छीनी गई चेन और अन्य सामान की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी हरपाल सिंह ने अचानक एक पुलिस अधिकारी को धक्का देकर उसकी सरकारी पिस्तौल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एसएसपी पियूष पांडेय ने बताया कि पुलिस ने सतर्कता और साहस का परिचय देते हुए स्थिति पर काबू पाया और दोनों आरोपियों को सुरक्षित हिरासत में रखा। पुलिस के द्वारा जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी को गोली लगी जिसका इलाज एमजीएम में चल रहा है मामले में आगे की जांच जारी है तथा अपराधियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

