आंगनबाड़ी नियुक्तियों और निर्माण कार्य में देरी पर सख्त हुए उपायुक्त, जून-जुलाई की तय की डेडलाइन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की नियुक्ति, निर्माण कार्य और पोषण योजनाओं की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 42 सेविका और 55 सहायिका पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जून के अंतिम सप्ताह तक पूरी कर ली जाए, जबकि निर्माणाधीन 17 आंगनबाड़ी केंद्रों का कार्य जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उपायुक्त ने लंबित शौचालय निर्माण और नल-जल योजनाओं को जून माह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित करने और नियमित निरीक्षण पर जोर दिया।
बैठक में फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) में धालभूमगढ़, बहरागोड़ा और पटमदा प्रखंडों का प्रदर्शन खराब पाए जाने पर संबंधित सीडीपीओ का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। सभी प्रखंडों को 15 दिनों के भीतर 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
उपायुक्त ने कुपोषित बच्चों की पहचान और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन, पोषण ट्रैकर पर समयबद्ध प्रविष्टि और योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लाभुकों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

