सरायकेला-खरसावां पुलिस ने ट्रैफिक जवानों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल शुरू की है.
राष्ट्र संवाद संवादाता
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को विशेष बैटरी संचालिक कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराने की शुरुआत की है. यह जैकेट भीषण गर्मी और तेज धूप में ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत प्रदान करेगी. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल यह एक प्रायोगिक पहल है.
यदि इसका परिणाम सकारात्मक रहा तो जिले के अन्य पुलिस जवानों को भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. साथ ही इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को भी अनुशंसा भेजी जाएगी, ताकि राज्य स्तर पर इस व्यवस्था को लागू करने पर विचार किया जा सके. उन्होंने बताया कि यह विशेष कूलिंग जैकेट पुणे की एक कंपनी द्वारा तैयार की गई है. जैकेट में छोटे पंखे लगाए गए हैं, जो अंदर से ठंडी हवा का संचार करते हैं और लंबे समय तक धूप में ड्यूटी कर रहे जवानों को राहत पहुंचाते हैं.
एक जैकेट की अनुमानित लागत करीब 3500 रुपये है. एसपी ने कहा कि जिला पुलिस ट्रैफिक व्यवस्था को आधुनिक और हाईटेक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर मौसम और हर परिस्थिति में ट्रैफिक जवान पूरी क्षमता और मुस्तैदी के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकें. उन्होंने बताया कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) और अन्य आंतरिक संसाधनों के माध्यम से ट्रैफिक पुलिस को ब्रेथ एनालाइजर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. इससे सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन में मदद मिल रही है.
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिला पुलिस लगातार अभियान चला रही है. एसपी ने बताया कि मई महीने में मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 33 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है. इसके अलावा ड्रंक एंड ड्राइव मामलों में कांड्रा क्षेत्र से 80 हजार रुपये, कपाली क्षेत्र से 40 हजार रुपये तथा गम्हरिया क्षेत्र से 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है. उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आगे भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा.

