कोल्हान में हाथियों का कहर जारी, चांडिल में महिला की मौत, चाकुलिया में बुजुर्ग गंभीर घायल
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर/सरायकेला: कोल्हान क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिले से हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। एक घटना में बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत लावा कुटाम के वनडीह टोला में गुरुवार देर रात एक जंगली हाथी गांव में घुस आया। उस समय चम्पा मुंडा अपने घर में सो रही थीं। हाथी ने घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए परिजन बाहर भाग निकले, लेकिन चम्पा मुंडा हाथी की चपेट में आ गईं। हाथी ने उन्हें उठाकर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड स्थित जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के पास भी हाथी के हमले की घटना हुई। काबुल मुंडा (60) सुबह पैदल जा रहे थे, तभी अचानक उनकी नजर एक हाथी से पड़ गई। हाथी ने उन पर हमला कर दिया और पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वन विभाग की सहायता से घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार इंदबनी जंगल क्षेत्र में तीन हाथियों का झुंड पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए है, जिससे आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर खदेड़ने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है।

