कपाली में बड़ी चोरी: बंद ईंट भट्टे से लाखों के मशीन पार्ट्स गायब
राष्ट्र संवाद संवादाता
चांडिल सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत हासाडुगरी स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्टे में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये मूल्य के मशीनरी सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार, हासाडुगरी स्थित काला ईंट भट्टा पिछले कुछ समय से बंद पड़ा हुआ है. इसी का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने देर रात भट्टे की छत पर लगे टिन को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद ईंट निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के महत्वपूर्ण पार्ट्स, लोहे के उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए.
सुबह जब भट्टे की देखरेख के लिए कर्मचारी पहुंचे तो छत का टिन उखड़ा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर जांच करने पर मशीनों के कई महत्वपूर्ण सामान गायब मिले. इसके बाद भट्टा मालिक जाकीर हुसैन को सूचना दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही जाकीर हुसैन मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने कपाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी गए सामानों की सूची पुलिस को सौंपी. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी हुए सामानों की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है. सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई तथा कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार, मामले में पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है. हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने के लिए छानबीन जारी है. चोरी गए सामानों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस चोरी कांड का खुलासा कर लिया जाएगा. उधर लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. लोगों का कहना है कि बंद पड़े प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.Bu

