सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिविल सर्जन कार्यालय स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में सोमवार को सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित हुई। बैठक में टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषण प्रबंधन, मिर्गी रोगियों के उपचार, एम्बुलेंस सेवा, गैर-संचारी रोगों की रोकथाम सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
सिविल सर्जन ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाओं की गुणवत्ता, बायोमेट्रिक उपस्थिति और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, कुपोषित बच्चों के उपचार, मिर्गी रोगियों के फॉलोअप तथा एनीमिया जांच को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
बैठक में डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए आईआरएस छिड़काव, साफ-सफाई और जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन, टीबी मुक्त भारत और एनीमिया मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले स्वास्थ्यकर्मियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
इस दौरान एसीएमओ, जिला स्तरीय स्वास्थ्य पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी तथा विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

