करमाटांड़ और नारायणपुर में आम उत्सव सह बागबानी मेला आयोजित, जैविक आमों ने खींचा लोगों का ध्यान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: मनरेगा की बिरसा हरित ग्राम योजना एवं जेएसएलपीएस के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को करमाटांड़ और नारायणपुर प्रखंडों में एक दिवसीय ‘आम उत्सव सह बागबानी मेला’ का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य ग्रामीण उत्पादकों को बाजार उपलब्ध कराना तथा बागवानी को बढ़ावा देना था।
करमाटांड़ प्रखंड परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने केनोपी का भी उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मेले में जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडल की महिलाओं द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उगाए गए जैविक एवं गुणवत्तापूर्ण आमों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे लोगों ने काफी सराहा।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशासन हरसंभव तकनीकी सहायता और बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं नारायणपुर प्रखंड में आयोजित मेले का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी देवराज गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी मनरेगा पूनम तथा डीपीएम जेएसएलपीएस राहुल रंजन ने संयुक्त रूप से किया। यहां विभिन्न प्रजातियों के आमों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं।

