नगर निकायों के विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता और जवाबदेही पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नगर पंचायत जामताड़ा एवं नगर परिषद मिहिजाम के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा को लेकर उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों के कार्यों, योजनाओं की प्रगति, राजस्व संग्रहण तथा शहरी सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान राजस्व संग्रहण, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, शहरी जलापूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं पीएम स्वनिधि योजना सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को होल्डिंग टैक्स, ट्रेड लाइसेंस एवं अन्य मदों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने योजना चयन एवं निविदा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने तथा सभी विकास कार्यों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बड़ी योजनाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं हो।
बैठक में नगर पंचायत जामताड़ा के सिटी मैनेजर के कार्यों में शिथिलता एवं लापरवाही पाए जाने पर स्पष्टीकरण पूछने तथा वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही शहर की स्वच्छता, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। बस स्टैंड स्थित शौचालय को सुलभ संस्था को हस्तांतरित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में दोनों नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

