विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सभी पात्र मतदाताओं को जोड़ने पर जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एसआईआर की प्रक्रिया, समय-सारिणी तथा विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों के सहयोग को आवश्यक बताते हुए उन्होंने सभी मतदान केंद्रों पर बीएलए-1 एवं बीएलए-2 की शीघ्र प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया।
बैठक में बताया गया कि झारखंड में एसआईआर की अहर्ता तिथि 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को होगा। घर-घर सत्यापन, दावा-आपत्ति, मतदाता सूची प्रकाशन और निष्पादन की निर्धारित तिथियों की भी जानकारी साझा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि अभियान को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल कराने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सेवाओं और हेल्पलाइन 1950 की जानकारी भी दी गई।

