स्पॉन्सरशिप योजना से अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को जोड़ने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में स्पॉन्सरशिप एवं फोस्टर केयर अप्रूवल कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रायोजन (स्पॉन्सरशिप) योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई तथा लाभुक चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने मिशन वात्सल्य एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवेदनों की जांच, गृह भ्रमण और चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंद एवं पात्र बच्चों तक पहुंचे तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि समिति के समक्ष कुल 60 आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें 30 नए तथा 30 ऐसे आवेदन शामिल हैं जिनके लाभुकों को एक वर्ष तक योजना का लाभ मिल चुका है। उपायुक्त ने पूर्व से लाभान्वित बच्चों का नियमित फॉलोअप लेने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने फोस्टर केयर एवं स्पॉन्सरशिप योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी अंजू पोद्दार, सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

