शिक्षा व्यवस्था पर जेएमएम का हमला, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने नीट पेपर लीक और सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
रांची में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है और लाखों छात्रों का भविष्य संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसियां और नई नीतियां छात्रों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही हैं।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के कारण विद्यार्थियों को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों के हित में हस्तक्षेप करने और शिक्षा मंत्री को पद से हटाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे गंभीर विषय पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए तथा छात्रों के भविष्य और हितों की रक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

