स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करें, हर नागरिक का हेल्थ प्रोफाइल तैयार हो : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सस्ती और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बच्चों सहित सभी नागरिकों का हेल्थ प्रोफाइल तैयार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए एआई आधारित कंट्रोल रूम स्थापित करने, ओला-उबर मॉडल पर आपातकालीन परिवहन व्यवस्था विकसित करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों से जुड़े सभी एम्बुलेंसों को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। उन्होंने एएनएम और जीएनएम की रिक्तियों को शीघ्र भरने, चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक में मेडिकल कॉलेजों में यूजी-पीजी सीटें बढ़ाने, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेजों का कार्य जल्द पूरा करने, ब्लड बैंक एवं ब्लड सेपरेशन यूनिट को सुदृढ़ करने, अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अस्पतालों में स्वच्छता एवं एयर-कूल सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग स्वास्थ्य कार्ययोजना तैयार करने, एबीएचए कार्ड अभियान चलाने, अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का अध्ययन करने तथा जल्द ही “अबुआ दवाखाना” शुरू करने की दिशा में कार्रवाई तेज करने को कहा। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

