व्यवहार न्यायालय जामताड़ा में सीसीटीवी अधिष्ठापन की आवश्यकता का हुआ आकलन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर गठित समिति ने शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय, जामताड़ा परिसर का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन एवं अन्य आवश्यक अवयवों की समीक्षा की। यह कार्रवाई सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग, झारखंड सरकार के उप सचिव द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में की गई।
अपर समाहर्ता पूनम कच्छप के नेतृत्व में समिति ने न्यायालय परिसर में वर्तमान में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालय परिसर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का अवलोकन कर आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
समिति ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश से भी परामर्श किया और न्यायालय परिसर में प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। निरीक्षण के बाद समिति द्वारा जांचोपरांत प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित विभाग को समर्पित किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, न्यायिक दंडाधिकारी, रजिस्ट्रार व्यवहार न्यायालय, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष, नगर थाना प्रभारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर बिरजू राम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

