गायत्री परिवार के साप्ताहिक सत्संग में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : अखिल विश्व गायत्री परिवार के नवयुग दल टाटानगर द्वारा आयोजित साप्ताहिक सत्संग का आयोजन गायत्री ज्ञान मंदिर भालूबासा में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ नाद योग एवं 24 बार गायत्री मंत्र जाप से किया गया। इसके पश्चात गुरु आवाहन, सत्संकल्प पाठ एवं गायत्री चालीसा का सामूहिक पाठ हुआ।
सत्संग में उपस्थित साधकों ने युग संगीत “जब कोई नहीं अपना…” के माध्यम से आध्यात्मिक भावनाओं का अनुभव किया। वातावरण भक्तिमय एवं ऊर्जा से ओतप्रोत बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान समाज जागरण एवं नशा मुक्ति अभियान को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा की गईं। बताया गया कि आगामी 31 मई 2026 को प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में नशा मुक्ति शिविर का आयोजन किया जाएगा। वहीं संध्या 5 बजे से मानगो क्षेत्र में नशा मुक्ति रैली निकाली जाएगी, जिसके उपरांत दीप महायज्ञ का आयोजन होगा।
गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने अधिक से अधिक लोगों से इन कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज को नशामुक्त, संस्कारित एवं जागरूक बनाने के अभियान में सहयोग करने की अपील की।

