जनता दरबार में उमड़ी फरियादियों की भीड़, समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिला मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे 50 से अधिक लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जनता दरबार में भूमि विवाद, अतिक्रमण, मनरेगा मजदूरी भुगतान, आवास योजना, पेयजल संकट, राशन कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, रोजगार, आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहने तथा मुआवजा भुगतान सहित कई मामलों की शिकायतें प्राप्त हुईं।
प्रशासन ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
नारायणपुर प्रखंड के पबिया साप्ताहिक हटिया स्थल में अतिक्रमण और धार्मिक स्थल के समीप मीट दुकान संचालन की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। वहीं नाला प्रखंड की एक स्नातक युवती द्वारा रोजगार की मांग किए जाने पर जिला नियोजन विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
आंगनवाड़ी केंद्र कई महीनों से बंद रहने की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही सीएससी संचालक द्वारा अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायत पर जांच कर सख्त कार्रवाई की बात कही गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजनों को कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाएगा।

