ईद-उल-जोहा को लेकर जामताड़ा प्रशासन अलर्ट, संयुक्त आदेश जारी
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों के नाम व पदनाम हटाकर जारी संयुक्त आदेश में जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाए जाने वाले भड़काऊ संदेश, फोटो एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है। किसी भी प्रकार से साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में चार क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई हैं, जो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नमाज स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वीडियोग्राफी कराने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा। स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवा एवं एम्बुलेंस टीम को भी अलर्ट मोड में रखा गया है।

