पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है
राष्ट्र संवाद संवादाता
घटना के बाद गांव स्तर पर मामले को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन पीड़िता ने आखिरकार पुलिस का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, 18 मई को 32 वर्षीय महिला अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला और पड़ोसी प्रताप सिंह उसके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे आरोपी की हरकत सामने आ गई और वह वहां से निकल गया।
गांव में बैठी पंचायत, समझौते का बनाया गया दबाव
घटना के बाद गांव में बैठक कर मामले को आपसी सहमति से निपटाने की कोशिश की गई। ग्रामीण स्तर पर समझौते का दबाव बनाए जाने के कारण मामला कई दिनों तक थाने नहीं पहुंच सका। हालांकि, पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए सोमवार को घाटशिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पर घर में घुसकर महिला के साथ गलत हरकत करने और दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

