सोशल मीडिया पर पेयजल शिकायत पर प्रशासन सक्रिय, डुमरिया गांव का हुआ निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: नाला प्रखंड के डुमरिया गांव में पेयजल समस्या संबंधी शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीएचईडी टीम को स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए। जांच के दौरान गांव में तीन चापाकल और एक जलमीनार सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि शिकायतकर्ता के घर से सक्रिय चापाकल की दूरी लगभग 400 मीटर है। वहीं गांव के कुछ हिस्सों में ड्राई जोन की स्थिति के कारण दो चापाकलों में तकनीकी समस्या सामने आई है।
निरीक्षण के बाद नीचे टोला क्षेत्र में जल्द नया चापाकल लगाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों और कार्यालयों के बाहर पेयजल उपलब्ध कराने, जल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से जलापूर्ति करने तथा खराब चापाकलों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेयजल समस्या के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

