वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योजनाओं की समीक्षा, पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : शनिवार को उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न पंचायतों में चल रहे निरीक्षण अभियान और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हो।
बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत स्तर पर सभी सुविधाओं की जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित करने और ज्ञान केंद्र एवं सामुदायिक पुस्तकालयों को पुनः सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में कहीं भी पेयजल संकट नहीं होना चाहिए। उन्होंने पीएचईडी को खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने और अपने कार्यबल को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने का निर्देश दिया। फील्ड टेस्टिंग किट सहियाओं को उपलब्ध कराने तथा जल जांच की नियमित रिपोर्ट देने को भी कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

