जिले के विभिन्न पंचायतों में योजनाओं का हुआ निरीक्षण
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण को लेकर शुक्रवार को विभिन्न पंचायतों में निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने पंचायतों का दौरा कर जमीनी स्तर पर संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पीडीएस दुकान, मनरेगा योजनाएं, स्वास्थ्य केंद्र, कल्याण छात्रावास, प्रशिक्षण केंद्र, आवासीय विद्यालय सहित अन्य योजनाओं की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनसमस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
जिले के विभिन्न पंचायतों में अलग-अलग अधिकारियों ने निरीक्षण किया। करमाटांड़ प्रखंड के कुरुवा पंचायत में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, जामताड़ा प्रखंड के सुपायडीह में अंचल अधिकारी, रानीडीह में जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, नारायणपुर के देवलबाड़ी में निदेशक डीआरडीए विजय कुमार तथा बुटबेरिया पंचायत में जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी ने योजनाओं का निरीक्षण किया। वहीं फतेहपुर, कुंडहित और नाला प्रखंड की पंचायतों में भी संबंधित अधिकारियों द्वारा योजनाओं की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

