25 मई तक गांव-गांव लगेंगे संतृप्तिकरण शिविर, सरकारी योजनाओं से जोड़े जाएंगे लाभुक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) समुदायों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के दूरस्थ एवं जनजातीय बहुल गांवों में चलाया जाएगा।
उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं झारखंड सरकार के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पीवीटीजी परिवारों को स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन, पेंशन, आयुष्मान भारत, आवास, पेयजल तथा सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत चिन्हित गांवों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां स्वास्थ्य जांच, आधार एवं दस्तावेज सत्यापन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक अधिकारी, कर्मयोगी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं का आकलन करेंगे। वहीं 21 से 23 मई तक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर लंबित मामलों और शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया जाएगा।
24 मई को अभियान की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जबकि 25 मई को समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित कर अभियान के अनुभवों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र पीवीटीजी परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

