राष्ट्र संवाद संवाददाता
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक कुलपति आवासीय कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें कई सदस्य ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शामिल हुए।
जून में होगी सीनेट की अहम बैठक
बैठक में निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय में आगामी जून माह में शैक्षणिक सीनेट की बैठक आयोजित की जाएगी। इसकी संभावित तिथि 24, 25 या 30 जून निर्धारित की गई है। कुलपति को इस संबंध में कुलाधिपति से स्वीकृति प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया।
नए कॉलेजों में प्रधानाचार्य व प्राध्यापकों की नियुक्ति को स्वीकृति
सिंडिकेट ने बिहार सरकार द्वारा नव स्थापित 30 राजकीय डिग्री कॉलेजों में प्रधानाचार्यों को अतिरिक्त प्रभार तथा सहायक प्राध्यापकों के पदस्थापन एवं स्थानांतरण आदेश को घटनोत्तर स्वीकृति दी। साथ ही बिहार लोक सेवा आयोग की अनुशंसा पर नियुक्त एआईएच एंड सी के सहायक प्राध्यापकों की सेवा संपुष्टि को भी मंजूरी प्रदान की गई।
नव स्थापित कॉलेजों में नए विषयों की पढ़ाई हेतु समिति
बैठक में नव स्थापित कॉलेजों में मैथिली, संस्कृत, उर्दू एवं एआईएच एंड सी विषयों की पढ़ाई शुरू करने के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया। समिति 20 मई तक अपना प्रस्ताव विश्वविद्यालय को सौंपेगी, जिसे बिहार सरकार को भेजा जाएगा।
बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव डॉ. दिव्या रानी हांसदा ने किया।

