रक्तदान के साथ हरियाली बढ़ाने वाले पर्यावरण प्रेमियों को मिला ‘तरु मित्र’ सम्मान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल (AMURT) एवं प्रिवेंशन ऑफ क्रुएलिटी टू एनिमल्स एंड प्लांट्स के संयुक्त तत्वावधान में जमशेदपुर ब्लड सेंटर परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 से अधिक पर्यावरण प्रेमियों को ‘तरु मित्र’ सम्मान से सम्मानित किया गया।
सम्मानित किए गए सभी लोग नियमित रक्तदाता होने के साथ-साथ पौधारोपण और वृक्षों की देखभाल कर हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनमें शिक्षक सतीश सर, जयंत भुइया, लीलानंद एवं डॉ. रितु, कुमारेश तथा अभिषेक पांडे सहित कई पर्यावरण प्रेमियों को मोमेंटो और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

आनंद मार्ग द्वारा प्रतिवर्ष लगभग 7,000 पौधों का निःशुल्क वितरण किया जाता है। इन पौधों को लगाकर वृक्ष का रूप देने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आनंद मार्ग के सुनील आनंद ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं के प्रति पारिवारिक भाव विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने नव्य-मानवतावाद के सिद्धांतों पर चलकर प्रकृति संरक्षण का आह्वान किया।

