जनता दल (यूनाइटेड) ने जमशेदपुर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को लेकर उपायुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: शहर, विशेषकर मानगो क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या, अव्यवस्थित ट्रैफिक चेकिंग और संभावित सड़क दुर्घटनाओं के मुद्दे को लेकर जनता दल (यूनाइटेड), पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर महानगर इकाई ने उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहर में ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर भ्रष्टाचार बढ़ रहा है, जिस पर रोक लगाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही सड़क पर 7-8 स्थानों पर वाहन जांच होने से अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और आम नागरिकों को बार-बार जांच का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी है।
जदयू नेताओं ने मांग की कि वाहन जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और जांच केंद्रों की संख्या कम की जाए। साथ ही, पूरे राज्य की तर्ज पर अधिक से अधिक ऑनलाइन चालान व्यवस्था लागू की जाए, ताकि जिन लोगों के पास तत्काल राशि उपलब्ध नहीं हो, उनकी गाड़ी जब्त करने के बजाय उन्हें बाद में पोर्टल या न्यायालय के माध्यम से जुर्माना भुगतान करने का अवसर मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि स्कूल समय के दौरान, विशेषकर स्कूलों के आसपास, ट्रैफिक चेकिंग पर रोक लगाई जाए ताकि बच्चों और अभिभावकों को जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि स्कूल समय में जांच अभियान से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
जदयू ने प्रशासन से जल्द प्रभावी कदम उठाकर शहरवासियों को ट्रैफिक अव्यवस्था से राहत दिलाने की मांग की।

