राष्ट्र संवाद संवाददाता
बड़ा गम्हरिया में चार दिवसीय शिवगाजन पूजा श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। पूजनोत्सव के प्रथम दिन श्रद्धालुओं ने शिव बांध स्थित तालाब में पवित्र स्नान कर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संकल्प लिया। तत्पश्चात, भोक्ताओं द्वारा दंड प्रणाम करते हुए मंदिर परिसर पहुंच कर पूजनोत्सव की शुरुआत किया। इस दंड प्रणाम में 190 भोक्ताओं ने भाग लिया। सभी भोक्ता आगामी चार दिनों तक कठिन नियमों और तपस्या का पालन करते हुए भगवान शिव की आराधना करेंगे। पूजन का शुभारंभ विधिवत मंत्रोच्चारण और कलश स्थापना के साथ हुई। इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीण दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह पूजा वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसमें क्षेत्र की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की जाती है। चार दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जो भोक्ताओं की अटूट आस्था का प्रतीक हैं। सुरक्षा और व्यवस्था के दृष्टिकोण से स्थानीय स्वयंसेवकों की टीम तैनात की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पूजा के अंतिम दिन भव्य विसर्जन और भंडारे के साथ इस उत्सव का समापन होगा।

