रफ्तार का कहर, हाईवा ट्रक से कुचलकर मासूम छात्रा की मौत.
राष्ट्र संवाद संवाददाता
बिहार के सहरसा में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां स्कूल पढ़ने जा रही करीब 6 वर्षीय छात्रा की हाईवा ट्रक से कुचलकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हाईवा ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि छात्रा को कुछ दूरी तक घसीटते हुए आगे निकल गया. मृतिका की पहचान ललन यादव के करीब 6 वर्षीय नतिनी परी कुमारी के रूप में हुई है. जो स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी. कि इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उसे कुचल दिया. मासूम बच्ची की बस पर चढ़ने से पहले ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना सौरबाजार थाना क्षेत्र के भपटिया चौक के समीप की बताई जा रही है. घटना से गुस्साए लोगों ने बैजनाथपुर-सोनवर्षा राज मुख मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करने लगे. वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया और बाधित रास्ता बहाल किया. फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. बताते चलें कि पुलिस ने हाईवा ट्रक को जप्त कर लिया है.

