मानगो को अनुमंडल बनाने की मांग तेज, जनआंदोलन की चेतावनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: मानगो को पूर्ण अनुमंडल (सब-डिवीजन) बनाने की मांग तेज हो गई है। जमशेदपुर जन कल्याण समिति ने राज्यपाल, उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मानगो को जल्द अनुमंडल घोषित करने की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष नसीम अंसारी ने कहा कि मानगो की बढ़ती आबादी और शहरी समस्याओं को देखते हुए अलग प्रशासनिक व्यवस्था जरूरी हो गई है। वर्तमान में लोगों को जमीन, राजस्व, प्रमाण पत्र एवं अन्य सरकारी कार्यों के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समिति का कहना है कि अलग अनुमंडल बनने से प्रशासनिक सेवाएं बेहतर होंगी और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलापूर्ति तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आएगी।
समिति ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की, तो जनता लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।

