कुंडहित में जनगणना 2027 के द्वितीय चरण प्रशिक्षण का समापन
राष्ट्र संवाद सं
कुंडहित/जामताड़ा: जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतिम दिन का प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को प्रखंड एवं अंचल सभागार, कुंडहित में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में उपस्थित सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया गया। विभिन्न प्रकार की प्रश्नावलियों और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे जनगणना कार्य को सुचारू और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के विकास की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें सभी नागरिकों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित कर्मियों से अपील की कि वे स्व-गणना के माध्यम से स्वयं अपना प्रपत्र भरें तथा अपने आसपास के बुद्धिजीवी लोगों और युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
प्रशिक्षण सत्र में जनगणना से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं, प्रश्नों के उत्तर देने की प्रक्रिया तथा फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंडहित, सहायक चार्ज पदाधिकारी चंचल दास, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रमेश कुमार वेद, फील्ड ट्रेनर सहित सभी पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित रहे।

