विश्व रेड क्रॉस दिवस पर जमशेदपुर में रक्तदान महायज्ञ, 100 दिवसीय अभियान की भी होगी शुरुआत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर रेड क्रॉस भवन में भव्य रक्तदान महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर जारी निर्देशों के तहत इस वर्ष आयोजन को विशेष उत्साह के साथ मनाने की तैयारी की जा रही है। जिला के अध्यक्ष सह उपायुक्त राजीव रंजन ने सभी संस्थाओं, औद्योगिक समूहों और कॉरपोरेट जगत से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने और लोगों को प्रेरित करने की अपील की है। जमशेदपुर ब्लड सेंटर, वोलेंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन सहित कई सामाजिक संस्थाएं इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देंगी। इस अवसर पर एसडीओ सह उपाध्यक्ष अर्णव मिश्रा का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। रक्तदान शिविर के साथ मई, जून और जुलाई तक 100 दिनों का विशेष रक्तदान अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके लिए रेड क्रॉस कार्यकर्ता सक्रिय रूप से रक्तदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित सेफ्टी, फर्स्ट एड एवं डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग का 218वां बैच 5 मई से 10 मई तक रेड क्रॉस भवन में आयोजित किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी 4 मई तक बिष्टुपुर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय या 5 मई को सीधे प्रशिक्षण स्थल पर नामांकन करा सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू तकनीक और सीपीआर (कृत्रिम श्वसन) की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।

