जनगणना-2027: जामताड़ा में स्व-गणना अभियान की शुरुआत, 15 मई तक भरें ऑनलाइन फॉर्म
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना के लिए स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार ने आवासीय कार्यालय में स्वयं स्व-गणना फॉर्म भरकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी नागरिक इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त आंकड़े योजनाओं के निर्माण और उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्व-गणना की सुविधा 1 मई से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य करेंगे। जनसंख्या गणना का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित होगा।
जिलेवासियों को https://se.census.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है ताकि जनगणना की विश्वसनीयता बनी रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना से जुड़ी कोई भी जानकारी फोन कॉल, ओटीपी या बैंक विवरण के माध्यम से नहीं मांगी जाएगी। सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाएंगी और उनका उपयोग केवल विकास योजनाओं के लिए किया जाएगा।

