रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम के अंतर्गत SAG योजना के तहत वार्ड 17 स्थित प्रभात सामुदायिक भवन में महिलाओं के लिए एक विशेष हेल्थ चेकअप शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उप नगर आयुक्त श्रीमती पारुल सिंह एवं उपमहापौर अंकुर सिंह उपस्थित रहे। इस दौरान सिद्धेश नर्सिंग हॉस्पिटल की डॉ. मेघा द्वारा महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें शुगर, ब्लड प्रेशर और थायराइड जैसी बीमारियों की जांच के साथ-साथ जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की गईं। इस आयोजन में अनमोल कुमारी और राजन कुमार ने सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। करीब 70 महिलाओं ने इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया। डॉ. मेघा ने मौके पर महिलाओं और बच्चों को मौसम जनित बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए गर्मी के मौसम में अधिक पानी पीने, सादा एवं संतुलित आहार लेने तथा तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने की सलाह दी। कार्यक्रम में वार्ड पार्षद नीतू शर्मा के साथ फूलदाई झा, प्रतिमा देवी, रीना कुमारी, नूतन कुमारी, सुमन कुमारी, कविता कुमारी, रिंकी सिंह, मीरा प्रसाद और सरिता पांडे समेत कई महिलाएं मौजूद रहीं, जिन्होंने इस पहल को सराहनीय बताया।

