जमशेदपुर में ‘तारा’ संस्था का चौथा सामूहिक विवाह समारोह, आठ जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में सामाजिक संस्था “तारा” के तत्वावधान में शनिवार को चौथे सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित भूतनाथ मंदिर परिसर में आयोजित इस समारोह में कुल आठ जोड़े विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे।
इस अवसर पर संस्था की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए आवश्यक घरेलू और वैवाहिक उपयोग की सामग्री भेंट की गई। इससे नवदंपतियों को अपने नए जीवन की शुरुआत करने में सहूलियत मिलेगी।
संस्था के संरक्षक विनोद राणा ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग प्रदान करना तथा समाज में सादगीपूर्ण विवाह को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि “तारा” संस्था भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।
समारोह में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की।

