मानगो चौक पर घनश्याम महतो का भव्य सम्मान, सफल नेतृत्व को दिया गया जीत का श्रेय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड आंदोलनकारी नेता एवं झामुमो के जिला सचिव घनश्याम महतो का मानगो चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। झामुमो नेता उज्ज्वल दास के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में घनश्याम महतो को फूलमाला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मोहम्मद आजाद, सूरज गौड़, उमेश महतो, लखन कुमार, आकाश सोरेन और राजेश पूर्ति समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। उज्ज्वल दास ने कहा कि चाकुलिया नगर परिषद चुनाव में घनश्याम महतो को चुनाव प्रभारी बनाया गया था और उनके कुशल नेतृत्व में झामुमो समर्थित प्रत्याशी सोमवारी सोरेन ने अध्यक्ष पद पर भारी मतों से जीत हासिल की, जिसका पूरा श्रेय महतो को जाता है। इस जीत की खुशी में ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया। वहीं घनश्याम महतो ने कहा कि नगर परिषद चुनाव संपन्न होने से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाएं और वंचित लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में अपनी भूमिका निभाएं।

