जामताड़ा में जिला समन्वय समिति की बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में 24 अप्रैल 2026 को जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं को समयबद्ध, नियमसम्मत और गुणवत्ता के साथ पूरा करें तथा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रानीडीह स्टेडियम निर्माण में आ रही भूमि संबंधी समस्याओं को जल्द दूर कर कार्य शुरू करने पर जोर दिया गया। साथ ही प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों के दस्तावेजों में सुधार कर उन्हें लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया। आवासीय विद्यालयों में बच्चों की मासिक स्वास्थ्य जांच, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए शत-प्रतिशत पात्र लाभुकों का कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। वनाधिकार पट्टा, रोजगार योजनाओं, पीवीटीजी सर्वे तथा विभिन्न विभागों के लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा ठोस कचरा प्रबंधन, सड़क सुरक्षा, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

