जमशेदपुर में दानवीर भामाशाह जयंती धूमधाम से मनाई गई, एमजीएम चौक पर श्रद्धांजलि और संकल्प समारोह आयोजित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम चौक पर अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा के तत्वावधान में महान दानवीर भामाशाह की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः साढ़े दस बजे भामाशाह जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई, जहां बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लड्डू वितरण कर उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भामाशाह ने हल्दीघाटी युद्ध के समय अपनी समस्त संपत्ति राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर त्याग और बलिदान की मिसाल कायम की थी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के कई पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

