जमशेदपुर में नशा तस्करी का खुलासा, साढ़े चार किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर टिनप्लेट स्थित खालसा स्कूल के पास छापेमारी कर पुलिस ने साढ़े चार किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि एक युवक इलाके में गांजा बेचने पहुंचा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। मौके पर पहुंची टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा। पीछा करने के दौरान एक जवान को हल्की चोट भी आई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से चार पैकेट में रखा गांजा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। इस मामले में संबंधित थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

