पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कुंडहित पुलिस सख्त, चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में कुंडहित पुलिस ने खुदमल्लिका चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। मतदान के दिन किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान विशेष रूप से तेज किया गया।
यह कार्रवाई जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर कुंडहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में संचालित की गई। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आने-जाने वाले वाहनों की बारीकी से जांच की। चारपहिया और दोपहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात की जांच के साथ-साथ संदिग्ध वस्तुओं की भी तलाशी ली गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध शराब, नकदी या अन्य आपत्तिजनक सामग्री के परिवहन को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
कुंडहित पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे जांच अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

