साकची के आमबागान मैदान में 24 अप्रैल से ‘फन वर्ल्ड डिज़्नीलैंड’ का भव्य आगाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के साकची स्थित आमबागान मैदान में 24 अप्रैल 2026 से “फन वर्ल्ड डिज़्नीलैंड” का भव्य उद्घाटन होने जा रहा है। इसकी जानकारी संचालक चंद्रशेखर पर्वत ने एक संवाददाता सम्मेलन में दी। उद्घाटन समारोह में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर जूना अखाड़ा के उपाध्यक्ष श्री श्री विद्यानंद सरस्वती जी की उपस्थिति रहेगी।

इस मेले में आम लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक और सुरक्षित झूले लगाए गए हैं, जो बच्चों, युवाओं और परिवार के सभी वर्गों के लिए रोमांच का केंद्र बनेंगे। इसके साथ ही बच्चों के लिए विशेष झूले और खिलौनों की दुकानें भी आकर्षण का हिस्सा होंगी।
मेले में देश के अलग-अलग राज्यों के वस्त्र स्टॉल, स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड स्टॉल और महिलाओं के लिए मनिहारी सामान की दुकानें भी लगाई जाएंगी। एक ही स्थान पर मनोरंजन, खरीदारी और खान-पान की सुविधा उपलब्ध होने से यह आयोजन शहरवासियों के लिए खास आकर्षण बनेगा।
आयोजकों ने बताया कि यहां आने वाले कारीगरों के हस्तनिर्मित उत्पादों में उनकी कला की झलक भी देखने को मिलेगी। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस मेले में पहुंचकर इसका आनंद लें।

