गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान टला, हाईकोर्ट का हवाला देकर दुकानदार को मिला 15 दिन का समय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के टाटानगर स्थित गुदरी बाजार में रेलवे द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बुधवार को कार्रवाई अंतिम समय में टाल दी गई। रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय और भारी पुलिस बल के साथ “श्री लक्ष्मी भंडार” दुकान को हटाने पहुंची थी।
कार्रवाई शुरू होने से पहले दुकान संचालक मुरारी लाल अग्रवाल ने विरोध जताते हुए बताया कि उन्होंने इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर की है और मामला विचाराधीन है। उन्होंने स्टे ऑर्डर लाने के लिए 15 दिन का समय मांगा। इस पर प्रशासन ने विचार-विमर्श के बाद फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी।

मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि दुकानदार एसडीओ कार्यालय में हलफनामा दाखिल करें, जिसमें यह स्पष्ट हो कि 15 दिनों के भीतर स्टे ऑर्डर नहीं मिलने पर रेलवे बिना बाधा के कार्रवाई कर सकेगा।
इस घटना के बाद गुदरी बाजार में अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। व्यापारियों के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य अतिक्रमणकारियों को भी राहत मिलेगी या प्रशासन सख्ती बरतेगा। वहीं प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

